मसूरी गोलीकांड की 31वीं बरसी पर मुख्यमंत्री धामी ने दी श्रद्धांजलि – राज्य आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड बनाने का संकल्प
मसूरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी गोलीकांड की 31वीं बरसी पर शहीद राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए कृतसंकल्प होकर कार्य कर रही है।
मसूरी स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शहीद बलबीर सिंह नेगी, बेलमती चौहान, हंसा धनाई, धनपत सिंह, राय सिंह बंगारी और मदन मोहन ममगई को नमन करते हुए कहा कि 2 सितंबर 1994 का दिन राज्य के इतिहास का काला अध्याय है। शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे राज्य आंदोलनकारियों पर गोली चलाकर तत्कालीन सरकार ने निर्दयता दिखाई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। इनमें शहीद परिवारों के लिए 3000 रुपये मासिक पेंशन, घायल व जेल गए आंदोलनकारियों के लिए 6000 रुपये तथा सक्रिय आंदोलनकारियों के लिए 4500 रुपये पेंशन की व्यवस्था शामिल है। उन्होंने बताया कि सरकारी नौकरियों में आंदोलनकारियों के आश्रितों के लिए 10% क्षैतिज आरक्षण लागू किया गया है। अब नए कानून के तहत परित्यक्ता, विधवा और तलाकशुदा पुत्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
सरकार ने 93 आंदोलनकारियों को राजकीय सेवा में समायोजित किया है। बच्चों के लिए स्कूलों व कॉलेजों में निशुल्क शिक्षा तथा आंदोलनकारियों को सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा भी दी गई है। महिलाओं के लिए सरकारी नौकरियों में 30% क्षैतिज आरक्षण लागू किया गया है।
सीएम धामी ने कहा कि आंदोलनकारियों का सपना था कि उत्तराखंड की संस्कृति, भाषा और परंपराओं का संरक्षण हो। इसी दिशा में समान नागरिक संहिता, सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और नकल माफिया पर कार्रवाई जैसे कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि 9 हजार एकड़ भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है, अवैध मदरसों पर कार्रवाई की गई है और “ऑपरेशन कालनेमि” के तहत पाखंडियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने मसूरी में गढ़वाल सभा भवन निर्माण, सिफन कोर्ट मामले के समाधान और वेंडर जोन की घोषणा का आश्वासन दिया। उन्होंने स्वर्गीय इंद्रमणि बड़ोनी की जन्मशताब्दी समारोह को भव्य रूप से मनाने की भी घोषणा की।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, दर्जाधारी सुभाष बड़थ्वाल, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन मल्ल सहित बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

