कांवड़ यात्रा की तैयारियां समय पर पूरी करें, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री धामी

कांवड़ यात्रा की तैयारियां समय पर पूरी करें, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री धामी
Spread the love

हरिद्वार।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी विभाग “सुरक्षित कांवड़, सुव्यवस्थित कांवड़ और स्वच्छ कांवड़” के लक्ष्य के साथ समन्वय और सेवा-भाव से कार्य करें।

हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, विश्राम स्थलों और भंडारों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने महिला श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त संख्या में पिंक टॉयलेट स्थापित करने तथा किसी भी स्थिति में वीआईपी मूवमेंट से श्रद्धालुओं की यात्रा प्रभावित न होने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी, ड्रोन और एआई आधारित निगरानी प्रणाली के प्रभावी उपयोग, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख घाटों पर जल पुलिस, वाटर एंबुलेंस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अग्निशमन दल को पूरी तरह अलर्ट रखने को कहा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर स्वच्छता, नो-प्लास्टिक अभियान, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और मानकों से अधिक ऊंची कांवड़ एवं तेज ध्वनि वाले डीजे वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही महिला सुरक्षा के लिए हेल्प डेस्क और महिला पुलिस बल को सक्रिय रखा जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान महाकुंभ-2027 की तैयारियां भी प्रभावित नहीं होनी चाहिए और दोनों व्यवस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय बनाकर उत्तराखंड को उत्कृष्ट आयोजन का उदाहरण प्रस्तुत करना होगा।

बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, विभिन्न जिलों के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles