HTML tutorial
HTML tutorial

मुख्यमंत्री धामी करेंगे 13 आधुनिक लांग रेंज इमरजेंसी सायरन व स्मार्ट सिटी परियोजनाओं का लोकार्पण

मुख्यमंत्री धामी करेंगे 13 आधुनिक लांग रेंज इमरजेंसी सायरन व स्मार्ट सिटी परियोजनाओं का लोकार्पण
Spread the love

देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार शाम 6 बजे डालनवाला थाने से आपातकालीन परिस्थितियों के लिए लगाए गए 13 आधुनिक लांग रेंज इमरजेंसी सायरनों का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद 6:30 बजे घंटाघर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री स्मार्ट सिटी के अंतर्गत घंटाघर सौंदर्यीकरण, चार आधुनिक हिलांस कैंटीन तथा भिक्षावृत्ति निवारण कार्यक्रम का लोकार्पण करेंगे।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने शुक्रवार को डालनवाला थाने और घंटाघर दोनों स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को समय पर सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने बताया कि पहले चरण में देहरादून में 13 लांग रेंज सायरन लगाए गए हैं। इनमें से 4 सायरन 16 किलोमीटर रेंज वाले और 9 सायरन 8 किलोमीटर रेंज वाले हैं। इनका उद्देश्य आपदा जैसी आपात परिस्थितियों में लोगों को तत्काल चेतावनी देकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री इन सभी सायरनों का रिमोट कंट्रोल से सामूहिक उद्घाटन करेंगे।

घंटाघर में होने वाले दूसरे कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण करेंगे। स्मार्ट सिटी के तहत घंटाघर की पारंपरिक शैली को बनाए रखते हुए इसके आसपास बगीचे, रंगीन फव्वारे और हाई बीम लाइटिंग लगाई गई है, जिससे यह ऐतिहासिक धरोहर और भी आकर्षक हो गई है।

इसके साथ ही देहरादून क्लेक्ट्रेट, कोरोनेशन अस्पताल, गुच्चुपानी और आईएसबीटी में आधुनिक हिलांस कैंटीन शुरू की जा रही हैं। इन्हें स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से संचालित किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को स्वरोजगार भी मिलेगा। इन आउटलेट्स में हैंडीक्राफ्ट उत्पाद, पहाड़ी सामान और मिलेट आधारित व्यंजन उपलब्ध रहेंगे।

भिक्षावृत्ति निवारण कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक 56 बच्चों को भिक्षा से मुक्त कर शिक्षा की मुख्यधारा में जोड़ा गया है। शनिवार को मुख्यमंत्री इन सभी योजनाओं को जनता को समर्पित करेंगे।

इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसडीएम हरिगिरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles