मुख्यमंत्री ने दिए ‘फिट उत्तराखंड’ अभियान चलाने के निर्देश
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर ‘फिट उत्तराखंड’ अभियान को प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य प्रदेशवासियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और फिटनेस के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे स्वस्थ जीवनशैली अपना सकें। मुख्यमंत्री ने इस कार्य के लिए अपर मुख्य सचिव आनंद बर्धन को सभी विभागों के साथ समन्वय कर एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान के तहत योग, व्यायाम और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा। खासकर स्कूलों और कॉलेजों में खेलकूद गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी शारीरिक रूप से अधिक सक्रिय और स्वस्थ रह सके। सरकारी और गैर-सरकारी संगठनों को भी इस अभियान में शामिल किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोग इससे लाभान्वित हो सकें।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोटापा कम करने और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता फैलाने का आह्वान किया है। उन्होंने लोगों से खान-पान पर विशेष ध्यान देने और खाने में तेल व वसा की अधिकता को कम करने की आदत डालने की अपील की। ‘फिट उत्तराखंड’ अभियान के जरिए इस संदेश को प्रदेशभर में पहुंचाया जाएगा।
सरकार का लक्ष्य है कि यह अभियान हर नागरिक तक पहुंचे और लोग इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। सोशल मीडिया, सामुदायिक कार्यक्रमों और सरकारी प्रचार माध्यमों के जरिए अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा ताकि उत्तराखंड को एक स्वस्थ और फिट राज्य बनाया जा सके।

