1 वर्ष बीत जाने के बाद भी दिवंगत रामचंद्री देवी के परिजनों को नहीं मिला न्याय: राकेश राणा
परिजनों ने जिलाधिकारी से भरण-पोषण और रोजगार की लगाई गुहार
टिहरी।प्रतापनगर प्रखंड के हेरवाल गांव निवासी रामचंद्री देवी की 17 जनवरी 2024 को प्रसव पीड़ा के बाद मृत्यु हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में लापरवाही बरती गई, जिससे जच्चा-बच्चा दोनों की जान चली गई।
एक वर्ष बीतने के बावजूद जब परिजनों को न्याय नहीं मिला, तो आज वे जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष राकेश राणा के साथ जिलाधिकारी से मिले और मुख्य चिकित्सा अधिकारी से परिवार के भरण-पोषण और रोजगार की मांग की। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
राकेश राणा ने कहा कि प्रतापनगर विधानसभा के चोण्ड अस्पताल में इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पीड़ित परिवारों को अब तक न तो कोई सहायता मिली और न ही दोषियों को सजा हुई। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवारों के लिए भरण-पोषण और रोजगार की मांग की।

