HTML tutorial
HTML tutorial

देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण

देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ के आगमन से चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा और पर्यटकों को वन्यजीवों के अवलोकन का नया अनुभव मिलेगा। उत्तराखंड में पहली बार सफेद बाघ लाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां प्रतिवर्ष लगभग 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं और इससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ ‘तेजस’ के आने से पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। इससे पूर्व भी चिड़ियाघर में अन्य प्रजातियों के दो बाघ लाए गए थे, जिनसे पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चिड़ियाघर केवल पर्यटन का केंद्र नहीं, बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र को करीब से समझने का अवसर मिलता है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि अब देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी निःशुल्क प्रवेश की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता के विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक ज्ञान मिलेगा। पूर्व में बच्चों के लिए शुरू की गई निःशुल्क भ्रमण व्यवस्था के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इसी क्रम में कॉलेज के विद्यार्थियों को भी यह सुविधा देने का निर्णय लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक एवं पर्यावरणीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को प्रतिवर्ष विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है। राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास के बीच संतुलन स्थापित करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश के प्रमुख वनाच्छादित राज्यों में शामिल है। यहां की समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता राज्य की महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ ही नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी आवश्यक है। देहरादून चिड़ियाघर जैसे केंद्र इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

कार्यक्रम में वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles