उत्तराखंड में विकास कार्यों को मिली मंजूरी: मुख्यमंत्री ने दी स्वीकृति

उत्तराखंड में विकास कार्यों को मिली मंजूरी: मुख्यमंत्री ने दी स्वीकृति
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के तहत राज्य पुलिस बलों के आधुनिकीकरण के लिए ₹2 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है। इसके अलावा, मसूरी के वार्ड संख्या 05 धोरणखास के विभिन्न मार्गों के सतह लेपन और साइन बोर्ड लगाने के लिए ₹243.91 लाख की स्वीकृति दी गई है।

गढ़वाल क्षेत्र में तीन प्रमुख सड़कों का नामकरण किया गया है। चलकुड़िया-मसमोली-सकनोली-नौखोली मोटर मार्ग को अब शहीद मंदीप सिंह नेगी मोटर मार्ग के नाम से जाना जाएगा। वहीं, सिसल्डी-मंझोला मोटर मार्ग को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मोटर मार्ग और बाडियूँकैंण्डूल तल्ला-कैण्डूल मल्ला उतिण्डा मोटर मार्ग को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी तुला सिंह रावत मोटर मार्ग नाम दिया गया है।

विधानसभा क्षेत्र लालकुआं में वनभूलपुरा रेलवे क्रॉसिंग से गौलापुल तक गौला नदी के अत्यधिक पानी के बहाव से क्षतिग्रस्त मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए ₹148.48 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। जनपद अल्मोड़ा के सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गोलूछीना-गल्ली-वस्यूरा-गोविन्दपुर मोटर मार्ग को जोड़ने के लिए चीनूना गाड पर 15 मीटर विस्तार के आरसीसी पुल के निर्माण के लिए ₹121.83 लाख की स्वीकृति दी गई है।

केन्द्रीय कारागार सितारगंज के द्वितीय चरण में टाइप-II के 30 आवासों के निर्माण हेतु ₹929.12 लाख तथा जिला कारागार अल्मोड़ा में टाइप-IV के 02, टाइप-III के 04 और टाइप-II के 24 आवासीय भवनों के निर्माण के लिए ₹997.41 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत जनपद हरिद्वार के अन्नेकीपुर-हेत्तमपुर में निर्माणाधीन आवासीय परियोजना हेतु सिडकुल द्वारा परियोजना स्थल तक सड़क और नाली निर्माण के लिए ₹336.60 लाख की स्वीकृति दी गई है।

मुख्यमंत्री घोषणा के तहत जनपद चमोली के गैरसैण विकासखंड में सारकोट भराड़ीसैण मोटर मार्ग के किलोमीटर 6 से 11 तक सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य के लिए ₹403.41 लाख की स्वीकृति दी गई है। टनकपुर बस टर्मिनल निर्माण परियोजना के लिए ₹23774.45 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसमें पूर्व स्वीकृत लागत ₹5590.70 लाख भी शामिल है।

‘स्वान उत्तराखंड क्षेत्रीय विस्तार नेटवर्क’ के संचालन एवं रखरखाव के लिए ₹5238.15 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। नाबार्ड की नई परियोजनाओं के वित्तपोषण के तहत राजकीय पॉलिटेक्निक द्वाराहाट, गनाई-गंगोली और पोखरी में भवन निर्माण कार्यों के लिए ₹1982.79 लाख स्वीकृत किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने जनपद चमोली के कर्णप्रयाग में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के निर्माण हेतु ₹453.63 लाख और जनपद उत्तरकाशी के मोरी ब्लॉक के कासला स्थल पर हेलिपैड निर्माण की भी स्वीकृति प्रदान की है।

देवभूमि खबर

Related articles