मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने “मुख्य सेवक भंडारा” के सेवादारों को रवाना किया
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से चारों धामों में “मुख्य सेवक भंडारा” के लिए जाने वाली सेवादारों की टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस भंडारे के माध्यम से चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर भोजन की व्यवस्था की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि चारधाम यात्रा का आरंभ होने वाला है और पूरे राज्य में उत्साह का वातावरण है। देशभर से श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचने लगे हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड देश और विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। राज्य सरकार का प्रयास है कि हर श्रद्धालु को उत्तराखंड में यात्रा का उत्कृष्ट अनुभव मिले।
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा में सेवा कार्य करने वाले विभिन्न व्यक्तियों और संगठनों का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को सफल बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो रही है और लाखों की संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड आते हैं। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा से पूर्व सभी तैयारियां हर स्तर पर पूरी कर ली गई हैं।
इस अवसर पर संस्कृति, साहित्य कला परिषद उपाध्यक्ष श्रीमती मधु भट्ट, उत्तराखण्ड राज्य पूर्व सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष कर्नल अजय कोठियाल, दायित्वधारी श्री पुनीत मित्तल, श्री हिमांशु चमोली समेत कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

