नाबालिग से दुष्कर्म कर गर्भवती करने के मामले में गोपेश्वर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
गोपेश्वर। थाना गोपेश्वर क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दिनांक 26 अप्रैल 2025 को वादिनी द्वारा थाना गोपेश्वर में तहरीर दी गई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री काफी समय से पेट दर्द की शिकायत कर रही थी। रूटीन चेकअप के दौरान अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सहित अन्य जांचों में उसकी पुत्री के छह माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई। पूछताछ में पीड़िता ने नितिन उर्फ निक्कू पुत्र प्रकाश सिंह निवासी ग्राम लासी, थाना व जिला चमोली, उम्र 21 वर्ष का नाम लेते हुए घटना में शामिल होने की जानकारी दी।
वादीनी की तहरीर पर थाना गोपेश्वर में मुकदमा अपराध संख्या 12/25 धारा 65 बी.एन.एस वी एवं 5/6 पोक्सो अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर विवेचना महिला उपनिरीक्षक को सौंपी गई।
मामला गंभीर प्रवृत्ति का होने के कारण थाना गोपेश्वर पुलिस ने तत्काल अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु एक टीम गठित की। गठित टीम द्वारा आरोपी नितिन उर्फ निक्कू को पर्याप्त साक्ष्य के आधार पर थाना गोपेश्वर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त को आज चिकित्सीय परीक्षण के उपरांत संबंधित माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

