टिहरी पुलिस का साइबर ठगों पर बड़ा एक्शन, 21 लाख की ठगी करने वाले दो आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार

टिहरी पुलिस का साइबर ठगों पर बड़ा एक्शन, 21 लाख की ठगी करने वाले दो आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार
Spread the love

टिहरी। साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत टिहरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल के निर्देशन में टिहरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऑनलाइन ठगी के एक मामले में पुलिस टीम ने राजस्थान से दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने 21 लाख से अधिक की धोखाधड़ी की थी।

20 मार्च 2025 को वादी पपेन्द्र प्रसाद पुत्र बृजमोहन भट्ट, ग्राम पिपोला, तहसील जाखणीधार, जनपद टिहरी गढ़वाल निवासी ने थाना नई टिहरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उन्हें 25 लाख रुपए की लॉटरी जीतने का झांसा देकर 4 जनवरी 2025 से 28 जनवरी 2025 के बीच विभिन्न खातों और यूपीआई, सीडीएम मशीनों के माध्यम से करीब 21 लाख रुपए जमा करवा लिए गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी टिहरी श्री आयुष अग्रवाल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और जांच का जिम्मा उपनिरीक्षक कुलवन्त जलाल, साइबर सैल टिहरी गढ़वाल को सौंपा गया। जांच के दौरान पता चला कि धनराशि जिन खातों में ट्रांसफर की गई थी, वे खाताधारक मुनेश कुमार मीणा और राजन लाल मीणा के थे, दोनों जिला दौसा, राजस्थान के निवासी हैं।

अभियुक्त मुनेश कुमार मीणा के राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक खाते में वादी द्वारा ₹96,000 तथा यूको बैंक खाते में ₹70,000 स्थानांतरित किए गए थे। वहीं अभियुक्त राजन लाल मीणा के यूको बैंक खाते में वादी द्वारा ₹75,000 भेजे गए थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर साइबर सैल की टीम को राजस्थान भेजा गया। स्थानीय सूत्रों की मदद से पुलिस टीम ने 25 अप्रैल 2025 को थाना बैजू पाड़ा, जिला दौसा से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों का 36 घंटे का ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्तों से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन और खातों से लिंक मोबाइल सिम भी बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कुलवन्त जलाल, कांस्टेबल मयंक बलूनी और हेड कांस्टेबल जयसिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

देवभूमि खबर

Related articles