कैंची धाम स्थापना दिवस मेले की तैयारियों की मुख्य सचिव ने की समीक्षा, रूट प्लान से लेकर भीड़ प्रबंधन तक दिए अहम निर्देश

कैंची धाम स्थापना दिवस मेले की तैयारियों की मुख्य सचिव ने की समीक्षा, रूट प्लान से लेकर भीड़ प्रबंधन तक दिए अहम निर्देश
Spread the love

देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में नैनीताल जिले स्थित श्री कैंची धाम के स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले वार्षिक मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने पुलिस, जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और अन्य विभागों को मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए अगले 10 दिनों के लिए विस्तृत रूट प्लान और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने मेला क्षेत्र के लिए जोनल एवं सेक्टोरल प्लान बनाने तथा पार्किंग व्यवस्था और रूट प्लान का व्यापक प्रचार-प्रसार राज्य के भीतर और बाहर तक करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन और आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं के कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा। साथ ही मल्टीलेवल पार्किंग में आने-जाने के मार्ग को सुचारु रखने और पार्किंग स्थल से मंदिर तक श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। वैकल्पिक मार्गों को तैयार करने, आवश्यक ब्लैक टॉपिंग कराने और जरूरत पड़ने पर रूट डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।

मुख्य सचिव ने आकस्मिक परिस्थितियों के लिए प्रभावी निकासी योजना तैयार रखने, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं एंबुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने और सुरक्षा कर्मियों को निकासी योजना के संबंध में पहले से प्रशिक्षित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने भीड़ प्रबंधन के लिए सभी हितधारकों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने और समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles