मुख्य सचिव ने राज्य की रेल परियोजनाओं की स्थिति पर मांगी अपडेट

मुख्य सचिव ने राज्य की रेल परियोजनाओं की स्थिति पर मांगी अपडेट
Spread the love

देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने परिवहन विभाग को निर्देश दिए हैं कि राज्य में प्रस्तावित सभी रेल परियोजनाओं की स्थिति पर अद्यतन जानकारी दी जाए तथा वर्तमान में संचालित रेल परियोजनाओं में आ रही बाधाओं एवं समस्याओं पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने देहरादून सहित सभी रेलवे स्टेशनों के अपग्रेडेशन की स्थिति स्पष्ट करने के भी निर्देश दिए हैं। साथ ही, मुख्य सचिव ने राज्य में प्रस्तावित एवं संचालित रेल प्रोजेक्ट्स से संबंधित मुद्दों पर रेल मंत्रालय, आरवीएनएल एवं अन्य संबंधित संस्थाओं से प्रभावी समन्वय स्थापित करने को कहा है।

मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। इससे राज्य के औद्योगिक, आर्थिक और सामाजिक विकास को गति मिलेगी तथा विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों तक श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम होगा। इसके अलावा, सामरिक दृष्टिकोण से भी रेलवे अवसंरचना का विकास राज्य के लिए महत्वपूर्ण है।

परिवहन विभाग ने जानकारी दी कि राज्य में कुल पांच रेल परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें तीन नई परियोजनाएं हैं, जबकि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग सहित दो परियोजनाएं वर्तमान में संचालित की जा रही हैं। गंगोत्री-यमुनोत्री रेल परियोजना, जिसकी कुल दूरी 121.76 किमी है और इसमें 10 स्टेशन प्रस्तावित हैं, का सर्वेक्षण कार्य पूरा हो चुका है एवं डीपीआर रेलवे बोर्ड को भेजी जा चुकी है, लेकिन अनुमोदन अभी लंबित है। इसी तरह, टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना, जिसकी कुल दूरी 170.70 किमी है और इसमें 12 स्टेशन प्रस्तावित हैं, का सर्वेक्षण कार्य पूरा कर लिया गया है और डीपीआर रेलवे बोर्ड को भेज दी गई है, जिसका अनुमोदन भी प्रतीक्षित है। देहरादून-सहारनपुर रेल परियोजना, जिसकी कुल दूरी 92.60 किमी है और इसमें 8 स्टेशन प्रस्तावित हैं, का सर्वेक्षण कार्य वर्तमान में जारी है।

इस बैठक में सचिव परिवहन, अपर सचिव परिवहन, सचिव एमडीडीए सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles