सहस्त्रधारा के कारलीगाढ़ में बादल फटने से मची अफरा-तफरी, जिला प्रशासन और दून पुलिस अलर्ट मोड पर

सहस्त्रधारा के कारलीगाढ़ में बादल फटने से मची अफरा-तफरी, जिला प्रशासन और दून पुलिस अलर्ट मोड पर
Spread the love

देहरादून। देर रात सहस्त्रधारा क्षेत्र के कारलीगाढ़ में भारी वर्षा के चलते बादल फटने की घटना सामने आई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने रेस्क्यू और रिलीफ ऑपरेशन शुरू कर दिया। रात में ही आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्वयं कमान संभाली और विभिन्न विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए तत्काल रेस्क्यू टीमें मौके पर भेजीं। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और लोनिवि की टीमें जेसीबी व अन्य उपकरणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

बादल फटने की इस घटना में कुछ दुकानों के बहने की जानकारी मिली है, हालांकि फिलहाल किसी तरह की जानमाल की बड़ी क्षति नहीं हुई है। दो लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी खोजबीन रेस्क्यू टीमें लगातार कर रही हैं। डीएम के निर्देश पर एसडीएम कुमकुम जोशी भी रात में ही घटनास्थल पर पहुंच गईं और राहत कार्यों की निगरानी की। प्रशासन ने आईआरएस सिस्टम से जुड़े सभी विभागों को अलर्ट मोड में सक्रिय कर दिया है।

लगातार हो रही बारिश के चलते दून पुलिस भी अलर्ट पर है। एसएसपी देहरादून स्वयं स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और रेस्क्यू कार्यों हेतु पुलिस टीमों को लगातार दिशा-निर्देश दे रहे हैं। विभिन्न थाना क्षेत्रों की टीमें नदी-नालों के किनारे और संवेदनशील स्थानों पर रात्रि से ही गश्त कर लोगों को सतर्क कर रही हैं। पुलिस ने एनडीआरएफ व एसडीआरएफ के साथ मिलकर जलभराव वाले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया।

भारी बारिश के कारण जनपद के कई मार्ग बाधित हो गए हैं। रायपुर क्षेत्र के केशरवाला मार्ग पर नदी का जलस्तर बढ़ने और कटाव से लगभग 70-80 मीटर सड़क बह गई, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। मसूरी मार्ग पर कुठाल गेट सहित कई स्थानों पर मलबा आने से सड़क बंद हो गई, जिसे जेसीबी की मदद से खुलवाने का कार्य जारी है। वहीं, देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर लालतप्पड़ क्षेत्र में सीमा डेंटल कॉलेज के पास पुलिया क्षतिग्रस्त होने से यातायात को रोकते हुए वाहनों को भानियावाला और नेपाली फार्म से डायवर्ट किया गया है।

प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे भारी बारिश के दौरान नदी-नालों के किनारे न जाएँ और पूरी सावधानी बरतें। राहत एवं बचाव टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय हैं।

देवभूमि खबर

Related articles