CO उत्तरकाशी का गंगोत्री यात्रा रूट और मनेरी कोतवाली का आकस्मिक निरीक्षण, उत्कृष्ट ड्यूटी पर दो पुलिसकर्मी पुरस्कृत
उत्तरकाशी।गंगोत्री यात्रा के पीक सीजन को ध्यान में रखते हुए पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी श्री जनक सिंह पंवार ने आज उत्तरकाशी जिला मुख्यालय से लेकर झाला तक के गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी, यातायात संचालन एवं अन्य व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान गंगनानी में ड्यूटी पर तैनात एएसआई हरिमोहन राय एवं हेड कांस्टेबल दीपक को उनकी उत्कृष्ट ड्यूटी के लिए नकद पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर CO ने सभी तैनात पुलिस कर्मियों को यात्रा के सुचारु एवं सुरक्षित संचालन हेतु सजग व सतर्क रहने के निर्देश दिए।
यात्रा मार्ग के निरीक्षण के उपरांत CO पंवार ने कोतवाली मनेरी का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को मुस्तैदी बनाए रखने, आपदा उपकरणों को क्रियाशील स्थिति में रखने तथा बाहरी व्यक्तियों का शत-प्रतिशत पुलिस सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बारिश के अलर्ट व तीर्थयात्रियों की संख्या में संभावित वृद्धि को देखते हुए पुलिस बल को हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

