कांग्रेस ने सरकार पर चार धाम यात्रा को लेकर भ्रम की स्थिति फैलाने का लगाया आरोप

कांग्रेस ने सरकार पर चार धाम यात्रा को लेकर भ्रम की स्थिति फैलाने का लगाया आरोप
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन एवं प्रशासन) सूर्यकांत धस्माना ने प्रदेश सरकार पर चार धाम यात्रा को लेकर भ्रम की स्थिति फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार यात्रियों के लिए ऑनलाइन व ऑफलाइन पंजीकरण की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर यह भी कह रही है कि सभी यात्रियों—पंजीकृत हों या नहीं—को यात्रा की अनुमति दी जाएगी। इससे यात्रा के दौरान अव्यवस्था की आशंका गहराती जा रही है।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में धस्माना ने कहा कि यात्रा शुरू होने में केवल दस दिन शेष हैं, लेकिन सरकार के पास ठोस योजना का अभाव है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पर्यटन मंत्री को आईआईएम रोहतक की उस रिपोर्ट की जानकारी तक नहीं है, जिसमें यात्रा मार्गों व शहरों की भार वहन क्षमता का विश्लेषण दिया गया है, जबकि राज्य की मुख्य सचिव इस रिपोर्ट के आधार पर समीक्षा बैठक कर चुकी हैं।

धस्माना ने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी यदि भीड़ प्रबंधन फेल हुआ तो स्थिति बेकाबू हो सकती है। उन्होंने पिछले साल केदार घाटी में आई आपदा व पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ने जैसी घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि सरकार को इससे सबक लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि चार धाम यात्रा केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि उत्तराखंड की जीवन रेखा है, जिससे लाखों लोगों की आजीविका जुड़ी है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास, भोजन व दर्शन की समुचित व्यवस्था करना सरकार की जिम्मेदारी है।

धस्माना ने सड़क सुरक्षा की भी स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में औसतन हर साल 1000 लोगों की मौत सड़क हादसों में हुई है, और इस वर्ष की पहली तिमाही में ही 275 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

उन्होंने मांग की कि सरकार को यात्रा मार्गों की भार वहन क्षमता के अनुसार यात्रियों की संख्या नियंत्रित करनी चाहिए और व्यवस्थाओं को चाकचौबंद बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।

प्रेस वार्ता में कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, मीडिया सलाहकार अमरजीत सिंह और श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश कौशल भी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles