तकनीकी विश्वविद्यालय पेपर लीक पर कांग्रेस का हल्ला बोल, धन सिंह रावत का पुतला फूंका, नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया

देहरादून। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय के पेपर लीक मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने शनिवार को राजधानी देहरादून में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नंदा की चौकी से तकनीकी विश्वविद्यालय तक मार्च निकालते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक युवाओं के भविष्य पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि तकनीकी शिक्षा, नीट और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग जैसी परीक्षाओं में सामने आए मामलों ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने मांग की कि तकनीकी विश्वविद्यालय पेपर लीक मामले की न्यायिक जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक और अनियमितताओं ने लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों का भरोसा तोड़ा है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परीक्षा का मामला नहीं, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र और युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है।
चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि गरीब परिवारों के छात्र वर्षों की मेहनत के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनके सपनों को तोड़ देती हैं। उन्होंने सरकार से परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “पेपर लीक बंद करो”, “युवा विरोधी सरकार मुर्दाबाद” और “दोषियों को गिरफ्तार करो” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन के बाद पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह, डॉ. हरक सिंह रावत सहित कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर सुद्धोवाला जेल भेज दिया। बाद में सभी को रिहा कर दिया गया।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी पूरे प्रदेश में आंदोलन को और तेज करेगी

