YouTube से कस्टमर केयर नंबर लेना पड़ा महंगा, ₹99 हजार की साइबर ठगी; हरिद्वार साइबर सेल ने ₹95,484 कराए वापस

हरिद्वार। मोबाइल रिचार्ज की समस्या का समाधान YouTube पर तलाशना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। फर्जी कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क करने के बाद साइबर ठगों ने उसके बैंक खाते से ₹99,000 उड़ा लिए।हालांकि, हरिद्वार साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को ₹95,484 की धनराशि वापस दिला दी गई।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने Google Pay के माध्यम से अपने मोबाइल का रिचार्ज किया था। बैंक खाते से राशि कट गई, लेकिन मोबाइल रिचार्ज नहीं हुआ। इसके बाद उसने इंटरनेट पर समाधान खोजते हुए YouTube से एक कथित टोल-फ्री कस्टमर केयर नंबर लेकर उस पर कॉल किया।
कॉल के दौरान साइबर ठगों ने शिकायतकर्ता को एक लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करते ही ठगों ने उसके बैंक खाते से ₹99,000 की धोखाधड़ी कर ली। घटना के अगले ही दिन पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही हरिद्वार साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक और एजेंसियों से समन्वय स्थापित किया, जिसके परिणामस्वरूप पीड़ित के ₹95,484 सफलतापूर्वक वापस करा दिए गए।
घटना के अगले ही दिन पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही हरिद्वार साइबर सेल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक एवं अन्य एजेंसियों से समन्वय स्थापित किया। समय रहते कार्रवाई के कारण पीड़ित के ₹95,484 सफलतापूर्वक होल्ड कराकर उसके खाते में वापस दिलाए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में साइबर सेल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित की धनराशि वापस कराने में सफलता प्राप्त की। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी कंपनी का कस्टमर केयर नंबर केवल उसकी आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप से ही प्राप्त करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन या www.cybercrime.gov.in� पर शिकायत दर्ज कराएं।

