बेरोजगार युवाओं के समर्थन में कांग्रेस का प्रदर्शन, किशननगर चौक पर सरकार का पुतला फूंका

बेरोजगार युवाओं के समर्थन में कांग्रेस का प्रदर्शन, किशननगर चौक पर सरकार का पुतला फूंका
Spread the love

देहरादून। नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपने अधिकारों की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे बेरोजगार युवाओं के समर्थन में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंट विधानसभा क्षेत्र के किशननगर चौक पर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। कांग्रेस के युवा नेता रितेश छेत्री के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया गया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए रितेश छेत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार लगातार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार नीट पेपर लीक सहित विभिन्न भर्ती एवं परीक्षा घोटालों के मुद्दे को प्रमुखता से उठाकर युवाओं की आवाज़ बन रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में हाल ही में टेक्निकल यूनिवर्सिटी से जुड़ा पेपर लीक मामला सामने आया है, जिसने राज्य की परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उनका कहना था कि बार-बार होने वाले पेपर लीक से बेरोजगार युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

रितेश छेत्री ने चेतावनी दी कि यदि युवाओं के साथ अन्याय जारी रहा तो कांग्रेस का आंदोलन और अधिक व्यापक और तेज़ किया जाएगा। उन्होंने पेपर लीक जैसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर एवं त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए, जिससे भविष्य में कोई भी युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का साहस न कर सके।

उन्होंने उत्तराखंड के युवाओं से लोकतांत्रिक तरीके से संगठित होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने और अन्याय के खिलाफ आवाज़ बुलंद करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पूर्व महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, महामंत्री नवीन जोशी, मोहन जोशी, पिया थापा, अनिल बस्नेत, शाही, दीप वोहरा, प्रमोद गुप्ता, कासिम चौधरी, अवधेश कटारिया, राजीव प्रजापति, संजय शर्मा, बबलू, महताब आलम, कामिनी, रीना, अनिल नेगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles