हरेला पर्व पर कांग्रेस ने किया वृक्षारोपण, 15 पेड़ों को बांधे गए रक्षा सूत्र
टिहरी। हरेला पर्व के अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा नई टिहरी शहर के विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 15 फल व फूलदार पौधों का रोपण किया गया, जिन्हें कांग्रेस के 15 कार्यकर्ताओं ने रक्षा सूत्र बांधकर संरक्षण की जिम्मेदारी ली।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह पवार ने बताया कि वृक्षारोपण केवल एक रस्म नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का सशक्त माध्यम है, जिसे सभी को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता द्वारा लगाए गए वृक्ष की देखरेख सुनिश्चित की जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस महामंत्री विजय गुनसोला ने कहा कि “एक वृक्ष सौ पुत्रों के समान होता है। पेड़ लगाकर उसका पालन करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।”
इस अवसर पर टाटा मोटर्स के ओनर गब्बर सिंह रावत ने घोषणा की कि जो कार्यकर्ता इन वृक्षों की लगातार तीन वर्षों तक देखरेख करेगा, उसे टाटा मोटर्स की ओर से वाहनों पर 3 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
कार्यक्रम में शहर अध्यक्ष कुलदीप सिंह पवार, प्रदेश महासचिव विजय गुनसोला, शहर महासचिव गब्बर रावत, जिला उपाध्यक्ष मुर्तुजाबेग, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष आर्य, महासचिव वीरेंद्र, संजय, मनीष पंत, सरिता, विनीता, साजिद, विकास सार्थक सहित कई व्यापारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

