खड़गे के कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण पर कांग्रेस का विरोध, वैभव वालिया ने फूंका भाजपा का पुतला

देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी रामलीला मैदान में कार्यक्रम के बाद कथित शुद्धिकरण के विरोध में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संचार विभाग के राष्ट्रीय सचिव वैभव वालिया के नेतृत्व में सेवला कला चौक स्थित अंबेडकर भवन में भाजपा का पुतला दहन कर घटना पर आक्रोश जताया गया।
इस दौरान वैभव वालिया ने आरोप लगाया कि खड़गे के कार्यक्रम स्थल का कथित शुद्धिकरण दलित विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह केवल कांग्रेस अध्यक्ष का अपमान नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले करोड़ों दलितों और वंचितों के सम्मान से जुड़ा मामला है।
वालिया ने कहा कि भाजपा अक्सर ऐसी घटनाओं में शामिल लोगों को ‘फ्रिंज एलिमेंट’ बताकर जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करती है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि संबंधित लोग भाजपा से जुड़े नहीं हैं तो अब तक उनके खिलाफ FIR क्यों दर्ज नहीं की गई और सरकार ने स्वतः संज्ञान लेकर जांच क्यों नहीं कराई।
उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की माफी से मामला समाप्त नहीं हो सकता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्य प्रशासन को घटना की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने सरकार से दोषियों की पहचान कर FIR दर्ज करने और जवाबदेही तय करने की मांग की।
वालिया ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता और सम्मान का अधिकार देता है। जातिगत भेदभाव या अपमान को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी।
उन्होंने कहा, “माफी नहीं, कार्रवाई चाहिए; बयान नहीं, जवाबदेही चाहिए।”
प्रदर्शन में अनुसूचित जाति-जनजाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मदन लाल, राष्ट्रीय संयोजक नानक चंद, डिंपल कुमार, अमन सिंह, राव नसीम, तनवीर, पीयूष गौड़, जगदीश धीमान, रेहाना परवीन, आफताब, वसीम, आयुष सेमवाल, बबलू पंवार, दीपक मंडवाल, कृष्ण कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

