गोकशी की फिराक में आए सहारनपुर के गैंगस्टर की पुलिस से मुठभेड़, दोनों पैरों में लगी गोली

गोकशी की फिराक में आए सहारनपुर के गैंगस्टर की पुलिस से मुठभेड़, दोनों पैरों में लगी गोली
Spread the love

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान प्रेमनगर पुलिस की देर रात बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सहारनपुर का शातिर गैंगस्टर रईस दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी नवाब अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस के अनुसार, 12-13 अगस्त की देर रात प्रेमनगर पुलिस दरू चौक के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गोरखपुर चौक की ओर से बिना नंबर की काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर दोनों बाइक सवार तेजी से चाय बागान की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और आसपास के थानों को भी सूचना दी।

पितांबरपुर-बनियावाला मार्ग पर बदमाश बाइक छोड़कर चाय बागान की ओर भागे। पीछा कर रही पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिससे पुलिस का सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें रईस के दोनों पैरों में गोली लगी। उसका साथी नवाब मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी है।

मौके से घायल बदमाश के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए। वहीं बिना नंबर की मोटरसाइकिल से गोकशी में इस्तेमाल किए जाने वाले एक चापड़, एक कुल्हाड़ी, दो छुरी और नायलॉन की रस्सी बरामद हुई।

घायल बदमाश रईस पुत्र नसीम निवासी सहारनपुर का गैंगस्टर है और प्रेमनगर क्षेत्र में वर्ष 2024 में हुई गोकशी की घटना में पिछले करीब दो वर्षों से वांछित चल रहा था। इस मामले में उसके चार साथी पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में गोकशी, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि रईस अपने साथी नवाब के साथ सहारनपुर से देहरादून आया था। दोनों टी-स्टेट और आसपास के इलाकों में घूमने वाले आवारा गोवंश की रेकी कर दोबारा गोकशी की घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस से बचने के लिए मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट भी हटा दी गई थी।

पुलिस पर जानलेवा हमला करने के मामले में कोतवाली प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी नवाब की तलाश के साथ ही पूरे मामले की जांच कर रही है।

मुठभेड़ में कोतवाली प्रेमनगर प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़, उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक जैनेंद्र राणा, कांस्टेबल रवि शंकर, कांस्टेबल पंकज कुमार और कांस्टेबल श्रीकांत मलिक शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles