HTML tutorial
HTML tutorial

देवग्राम के 27 परिवारों के विस्थापन प्रस्ताव को शासन भेजने पर बनी सहमति

देवग्राम के 27 परिवारों के विस्थापन प्रस्ताव को शासन भेजने पर बनी सहमति
Spread the love

चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय पुनर्वास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसील ज्योतिर्मठ के अंतर्गत देवग्राम के 27 परिवारों के विस्थापन से संबंधित प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा की गई। समिति ने प्रस्ताव को संस्तुति के लिए शासन को भेजने पर सहमति जताई।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि 27 परिवारों के विस्थापन के लिए 1 करोड़ 21 लाख 25 हजार रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रस्ताव में विस्थापित परिवारों के लिए भवन निर्माण, पशुओं के लिए गौशाला निर्माण, विस्थापन भत्ता तथा पुनर्वास स्थल पर ग्रामीण काश्तकारों को स्वरोजगार शुरू करने के लिए सहायता समेत अन्य आवश्यक मद शामिल किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि देवग्राम के संबंध में पूर्व में दो बार भू-वैज्ञानिक जांच कराई जा चुकी है। इसके अलावा तहसील स्तर पर कार्ययोजना तैयार करने सहित विस्थापन से जुड़ी अन्य आवश्यक औपचारिकताएं भी पूरी कर ली गई हैं।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्ताव से संबंधित सभी आवश्यक अभिलेख और औपचारिकताएं जल्द पूरी कर इसे शासन को भेजा जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के सुरक्षित और व्यवस्थित पुनर्वास के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए।

बैठक में उपजिलाधिकारी ज्योतिर्मठ चंद्रशेखर वशिष्ठ, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles