विकासनगर में कांग्रेस का सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन, भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच की उठाई मांग

विकासनगर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर विधानसभा विकासनगर में कांग्रेस की ओर से विशाल धरना-प्रदर्शन, जन-जागरण एवं हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ आवाज उठाते हुए जनसमस्याओं के समाधान की मांग की।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, रेखा आर्य और धन सिंह रावत पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। उन्होंने सवाल किया कि इन आरोपों की जांच कब होगी और जनता को इसका जवाब कब मिलेगा?
प्रदर्शनकारियों ने बढ़े हुए बिजली और पानी के बिल, स्मार्ट मीटर, बदहाल सीवर व्यवस्था, पेयजल लाइन के निजीकरण और क्षतिग्रस्त सड़कों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आम जनता महंगाई और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से परेशान है, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना होगा। प्रदेश की जनता के अधिकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक विकासनगर नवप्रभात, पूर्व मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी, पछवादून जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय किशोर, नगरपालिका विकासनगर के अध्यक्ष धीरज ‘बॉबी’ नौटियाल, चकराता ब्लॉक अध्यक्ष अमर सिंह, विधानसभा विकासनगर प्रभारी सागर मनवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष संजय जैन, प्रदेश सचिव नितिन जॉय प्रकाश, पूर्व प्रत्याशी देवानंद पासी, सभासद भरत कालरा, मनरेगा समन्वयक विपुल जैन, जिला पंचायत सदस्य पिंकी रोहिला एवं शम्मी प्रकाश सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


