बहादराबाद में अवैध हथियारों की सप्लाई करने आए बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, एक को लगी गोली

मुठभेड़ के बाद तीन बदमाश गिरफ्तार, दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और 315 बोर का तमंचा बरामद
हरिद्वार। कोतवाली बहादराबाद क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई करने आए बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार 15 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्रैंड लज्जा के पास कुछ बदमाश पिस्टल की सप्लाई करने आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एंबुश लगाया। इस दौरान पुलिस ने विशाल और भूपेंद्र को मौके से पकड़ लिया, जबकि तीसरा बदमाश मुकुल पुलिस को देखकर गन्ने के खेत की ओर भाग निकला।
पुलिस टीम ने जब उसका पीछा किया तो बदमाश मुकुल ने पुलिस पार्टी पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुकुल के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल पुत्र मगता (25 वर्ष), निवासी वाल्मीकि बस्ती, शिव मंदिर के पास, कोतवाली बहादराबाद, हरिद्वार; भूपेंद्र पुत्र विजय कुमार (23 वर्ष), निवासी मंसूरपुर झोरा, थाना मंसूरपुर, जनपद मुजफ्फरनगर तथा मुकुल पुत्र कन्हैया (25 वर्ष), निवासी ग्राम बमोरी, थाना सरधना, जनपद मेरठ के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। ये मुकुल के कब्जे से मिले, जबकि भूपेंद्र के पास से 315 बोर का एक तमंचा बरामद हुआ है।
घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी हरिद्वार ने अस्पताल पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास और अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


