HTML tutorial
HTML tutorial

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण महारा ने किया केदारनाथ विस के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा, उपचुनाव में कांग्रेस की हैट्रिक का दावा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण महारा ने किया केदारनाथ विस के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा, उपचुनाव में कांग्रेस की हैट्रिक का दावा
Spread the love

रूद्रप्रयाग।केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपनी तैयारियों को और मजबूत कर लिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण महारा ने कांग्रेस प्रत्याशी मनोज रावत के समर्थन में तीन दिवसीय दौरे के तहत केदारनाथ विस क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में जनसभाएं कीं और जनता से सीधा संपर्क साधा। इस दौरान उन्होंने पार्टी के चुनावी कार्यालयों का उद्घाटन कर उपचुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया।

जनसभाओं में करण महारा ने राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में बेरोजगारी चरम पर है, अपराध बढ़ रहे हैं, अधिकारी अपनी मनमानी पर उतारू हैं, और कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। महारा ने आरोप लगाया कि फसल को जंगली जानवर नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसानों की हालत दयनीय हो गई है, और सरकार इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।

उन्होंने भाजपा सरकार की ‘अग्निवीर योजना’ की आलोचना करते हुए इसे नौजवानों के भविष्य के लिए खतरनाक बताया और कहा कि यह योजना युवाओं को रोजगार के अवसरों से वंचित करेगी। साथ ही, उन्होंने दावा किया कि राज्य में खनन और शराब माफियाओं का बोलबाला है, जबकि सरकार इस ओर से आंखें मूंदे बैठी है।

इस दौरे के दौरान करण महारा का ग्रामीण क्षेत्रों में भव्य स्वागत हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनके आगमन का स्वागत किया। उन्होंने अगस्त्यमुनि, विजयनगर, रूमसी, जगोठ, दुर्गाधार, फलासी, चोपता और क्यूड़ी जैसे स्थानों पर आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया और भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस की ओर से एक सशक्त विकल्प पेश करने का वादा किया।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सूरज नेगी ने इस दौरे के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह साजवान, बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला, ब्लॉक प्रमुख प्रदीप थपलियाल, और अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति रही। इन नेताओं ने भी अपने संबोधनों में राज्य की मौजूदा सरकार की नीतियों की आलोचना की और कांग्रेस को समर्थन देने की अपील की।

करण महारा ने जनता से कांग्रेस को जीत दिलाने की अपील करते हुए कहा कि केदारनाथ विस उपचुनाव में कांग्रेस हैट्रिक बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर जनता के हित में कार्य करेगी और राज्य की समस्याओं को सुलझाने के लिए ठोस कदम उठाएगी। उनका कहना था कि इस उपचुनाव में भाजपा को करारा जवाब देने का यह अवसर है, और जनता कांग्रेस को जिताकर अपनी नाराजगी जाहिर करेगी।

महारा ने कहा कि इस उपचुनाव में कांग्रेस की जीत राज्य की भाजपा सरकार पर जनहित में काम करने का दबाव बनाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles