भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ बुलंद आवाज उठाएं कांग्रेस कार्यकर्ता : कुमारी शैलजा

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, सांसद एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भाजपा सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता के बीच जाकर मजबूती से आवाज उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन के विभिन्न विभाग एवं प्रकोष्ठ केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि मैदान में सक्रिय होकर जनता से सीधा संवाद स्थापित करें।
कुमारी शैलजा ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय देहरादून में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विभिन्न फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन, विभाग एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों की बैठक ली। इस दौरान संगठनों द्वारा किए जा रहे कार्यों और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी ली गई।
उन्होंने सभी संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षों को शीघ्र अपनी कार्यकारिणी का गठन करने तथा प्रदेशभर में व्यापक दौरा कर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान है और दलितों के साथ कथित अन्याय, महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान, बढ़ती बेरोजगारी तथा युवाओं की समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर संघर्ष करना होगा।
कुमारी शैलजा ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को अपनी समस्या समझकर उनके समाधान के लिए कार्य करे। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश में भाजपा की नीतियों के खिलाफ बुलंद आवाज उठाने की आवश्यकता है। आम जनता, युवा, किसान, मजदूर, महिलाएं और गरीब वर्ग विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं, ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है।
फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन, विभाग एवं प्रकोष्ठों की बैठक के बाद कुमारी शैलजा ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्षों, महामंत्रियों एवं सचिवों की बैठक को भी संबोधित किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा शीघ्र ही जिलों, महानगरों एवं विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी नियुक्त किए जा रहे हैं। सभी प्रभारी अपने निर्धारित क्षेत्रों में जाकर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करेंगे और संगठन को एकजुट करते हुए आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि चुनाव केवल नेताओं के प्रयास से नहीं, बल्कि एकजुट और समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत से जीता जाता है। उन्होंने प्रत्येक पदाधिकारी से निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ संगठन के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और गलत फैसलों का तथ्यात्मक ढंग से विरोध करते हुए जनता की आवाज बनें।
कार्यकर्ता गांव-गांव, बूथ-बूथ और विधानसभा स्तर तक पहुंचकर जनता से संवाद स्थापित करें तथा कांग्रेस की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं।
बैठक में उत्तराखंड कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी, उपाध्यक्ष, महामंत्री, सचिव, फ्रंटल संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
