देहरादून में कांग्रेस की जन आक्रोश रैली, महंगाई-बेरोजगारी और अंकिता भंडारी मामले पर सरकार को घेरा

देहरादून में कांग्रेस की जन आक्रोश रैली, महंगाई-बेरोजगारी और अंकिता भंडारी मामले पर सरकार को घेरा
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर जन आक्रोश रैली निकाली। रैली बल्लूपुर चौक से बल्लीवाला नाथ पैलेस तक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग शामिल हुए।
रैली में गणेश गोदियाल और हरीश रावत सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने राज्य सरकार पर जनसमस्याओं के समाधान में विफल रहने का आरोप लगाया।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था की स्थिति गंभीर हो चुकी है तथा अंकिता भंडारी मामले में न्याय में देरी चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाना सभी की जिम्मेदारी है।

मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने बेरोजगारी और महंगाई को लेकर सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को जनता के बीच ले जाएगी।

कार्यक्रम संयोजक रितेश छेत्री ने कहा कि यह रैली युवाओं और आम जनता के आक्रोश की आवाज है। उन्होंने आरोप लगाया कि रैली से पहले लगाए गए कांग्रेस के बैनर-पोस्टर हटा दिए गए, जो पक्षपातपूर्ण कार्रवाई को दर्शाता है।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और जनता के मुद्दों को लेकर बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। रैली में पार्टी के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles