उत्तराखंड में कोरोना की दस्तक: देहरादून जिला प्रशासन अलर्ट, बाहर से आए तीन लोग मिले पॉजिटिव
देहरादून।राजधानी देहरादून में कोरोना के तीन पॉजिटिव मामले सामने आने के बाद जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। कोविड के इन नए मामलों के बाद जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर मौजूदा स्थिति और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में कोविड बेड, ऑक्सीजन सिलेंडर, आवश्यक दवाइयां, वैक्सीन, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, आईसीयू बेड और टेस्टिंग की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि भले ही स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सतर्कता बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रहने, ऑक्सीजन प्लांट और चिकित्सा उपकरणों का पूरा ब्यौरा तैयार करने, सैंपलिंग टीम, मोबाइल टीम, कोविड कंट्रोल रूम, कार्मिकों की ड्यूटी, एंबुलेंस और अन्य संसाधनों की रिपोर्ट तैयार रखने के निर्देश दिए। साथ ही, ट्रूनेट टेस्ट, एंटीजन रैपिड टेस्ट और आरटी-पीसीआर की पर्याप्त व्यवस्था करने और आइसोलेशन वार्ड चिन्हित करने के आदेश भी दिए गए। कोविड जांच में आरटी-पीसीआर से पॉजिटिव आने वाले सभी रोगियों के सैंपल डब्ल्यूजीएस जांच हेतु राजकीय दून मेडिकल कॉलेज को भेजने और इसकी सूचना आईडीएसपी के अंतर्गत आईएचआईपी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से भी अपील की कि कोरोना के लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं और खुद को आइसोलेट करें। साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि देहरादून एम्स में हाल ही में कोरोना के तीन मामले सामने आए हैं। ये सभी गुजरात, मुंबई और हैदराबाद से उत्तराखंड आए थे। तीनों में से एक व्यक्ति मुंबई वापस लौट चुका है, जबकि एक व्यक्ति अस्पताल में और दूसरा होम आइसोलेशन में है। दोनों की तबीयत स्थिर है। जानकारी के अनुसार, हांगकांग और सिंगापुर के बाद अब भारत में भी कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले एक सप्ताह में देशभर में 58 मामले सामने आए हैं। देहरादून में अब तक कुल 36 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से केवल तीन लोग ही पॉजिटिव पाए गए हैं, और ये सभी बाहरी राज्यों से आए हैं। फिलहाल उत्तराखंड में किसी स्थानीय संक्रमण का मामला सामने नहीं आया है।
बैठक में उप जिलाधिकारी हरि गिरि, एडीएमओ डॉ वी. सेमवाल, एसीएमओ डॉ सी.एस. रावत, सीएमएस एस.एम. संकला, मुख्य फार्मासिस्ट आर.पी. सेमवाल, डॉ पी.एस. रावत, डॉ एम.एस. डोगरा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
