“ऑपरेशन प्रहार’ में पिल्ला गैंग पर शिकंजा, एक आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग संरक्षण में
हरिद्वार। कोतवाली कनखल क्षेत्र में सक्रिय कथित “पिल्ला गैंग” पर हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सदस्य को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को संरक्षण में लिया गया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया के प्रभाव में आकर कुछ युवा वर्चस्व की लड़ाई में आपसी टकराव कर रहे थे और मारपीट के बाद दहशत फैलाने के लिए वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल कर रहे थे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने सादे वस्त्रों में टीमों को तैनात कर जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई।
जांच के दौरान 10 अप्रैल 2026 को हुई मारपीट की घटना में सामने आए 11 संदिग्धों में से 02 मई को एक आरोपी आर्यन सैनी (19 वर्ष), निवासी जगजीतपुर को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो नाबालिगों को संरक्षण में लिया गया। मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इसके साथ ही पुलिस ने मॉडिफाइड दोपहिया वाहनों के खिलाफ भी अभियान चलाते हुए 08 मोटरसाइकिलों को सीज किया है।
इस कार्रवाई में SHO देवेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में वरिष्ट उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक सुधांशु कौशिक, उपनिरीक्षक गंभीर तोमर, अपर उपनिरीक्षक ललित मोहन, उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र शाह, कांस्टेबल सतेन्द्र रावत, उमेद सिंह एवं प्रलव चौहान शामिल रहे।

