टीईटी से मुक्ति और पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर शिक्षकों का प्रदर्शन, डीएम के माध्यम से भेजा ज्ञापन

रिपोर्ट: ललित जोशी।
नैनीताल। टीईटी से मुक्ति एवं पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग को लेकर उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद नैनीताल के बैनर तले शिक्षकों ने शनिवार को धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के माध्यम से प्रधानमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री उत्तराखंड को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
पूर्व जिला अध्यक्ष इंदर सिंह रावत की अध्यक्षता तथा जिला मंत्री बंशीधर कांडपाल के संचालन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि टीईटी व्यवस्था को समाप्त करने और पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर यह राष्ट्रव्यापी आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार इस “काले कानून” को वापस नहीं लेती। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ, नई दिल्ली के आह्वान पर उत्तराखंड के सभी 13 जनपद मुख्यालयों में एक साथ यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
धरना-प्रदर्शन के बाद शिक्षकों ने बुद्ध पार्क से जिलाधिकारी कार्यालय तक जुलूस निकाला और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि ज्ञापन शीघ्र ही भारत सरकार और उत्तराखंड सरकार को प्रेषित किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन में जिला संयोजक नंदराम, कोषाध्यक्ष नवीन चंद, प्रेम कांडपाल, दिनेश मनराल, गोपाल बिष्ट, हीरा बसानी, जगमोहन पड़ियार, आलोक जोशी, मदन बर्थवाल, मनीता कटारिया, अनुपम बमेटा, हेमंत पांडे, शिवराज सिंह, डिगर सिंह पड़ियार, अनिल कुमार शर्मा, राजकुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।

