युवाओं को कौशल विकास और रोजगार से जोड़ने के लिए विभागीय सचिव समन्वय के साथ करें कार्य : मुख्यमंत्री
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में कौशल विकास और श्रम विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य के युवाओं को अधिक से अधिक कौशल विकास और रोजगार से जोड़ने के लिए सभी विभागीय सचिव आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को निर्देशित किया कि सचिवों के साथ बैठक कर इसके लिए ठोस रणनीति बनाई जाए। उन्होंने कहा कि कौशल विकास कार्यक्रमों को इन्क्यूबेशन व ग्रोथ सेंटरों से जोड़ा जाए और स्थानीय युवाओं को प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, कारपेंटर, मिस्त्री जैसे कार्यों हेतु प्रशिक्षित किया जाए।
उन्होंने कहा कि उद्योगों की मांग और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नवीनतम तकनीक आधारित प्रशिक्षण कोर्स तैयार किए जाएं। इसके लिए प्रशिक्षण केंद्रों में अत्याधुनिक मशीनें, लैब्स और स्मार्ट क्लासरूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि हर जनपद की पारंपरिक पहचान को ध्यान में रखते हुए स्थानीय युवाओं को कौशल प्रशिक्षण से जोड़ा जाए। साथ ही ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण को बढ़ाया जाए और सभी कुशल श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाया जाए।
उन्होंने बाल श्रम उन्मूलन के लिए लक्षित पुनर्वास योजनाएं शीघ्र तैयार करने और बड़े जनपदों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने महिलाओं के स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष कौशल विकास केंद्रों की स्थापना और “स्किल ऑन व्हील्स” वैन शुरू करने की बात कही।
हेल्थकेयर और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में युवाओं को विदेशों में रोजगार दिलाने हेतु संबंधित देशों के भारतीय दूतावासों से समन्वय करने तथा युवाओं को विदेशी भाषा कोर्स उपलब्ध कराने के लिए दून विश्वविद्यालय से संपर्क बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि कौशल विकास विभाग हर वर्ष प्रशिक्षित और रोजगार से जुड़े युवाओं की संख्या के साथ दीर्घकालिक योजना का खाका 10 दिनों के भीतर प्रस्तुत करे।
बैठक में जानकारी दी गई कि राज्य के 27 आईटीआई संस्थानों में दो वर्षीय पाठ्यक्रम के तहत एक वर्ष प्रशिक्षण आईटीआई में और एक वर्ष उद्योगों में ऑन-जॉब ट्रेनिंग के लिए भारत सरकार से सहमति प्राप्त हो चुकी है। शेष पाँच आईटीआई के लिए प्रक्रिया जारी है।
बैठक में उपाध्यक्ष अवस्थापना अनुश्रवण परिषद श्री विश्वास डाबर, मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, सचिव श्री श्रीधर बाबू अदांकी, श्री सी. रविशंकर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

