धराली आपदा: दो शव बरामद, 15 लोग अब भी लापता; युद्धस्तर पर जारी राहत और बचाव कार्य

धराली आपदा: दो शव बरामद, 15 लोग अब भी लापता; युद्धस्तर पर जारी राहत और बचाव कार्य
Spread the love

देहरादून। उत्तरकाशी जनपद के धराली क्षेत्र में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बाद स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव श्री विनोद कुमार सुमन ने जानकारी दी है कि अब तक दो लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि लगभग 15 लोग अब भी लापता हैं।

श्री सुमन ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के तहत राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर संचालित किए जा रहे हैं। टीमें सड़कों को खोलने और संचार संपर्क बहाल करने में लगातार जुटी हुई हैं। हालांकि खराब मौसम राहत कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रहा है और बचाव उपकरणों व टीमों को प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचाने में दिक्कतें सामने आ रही हैं।

इसके बावजूद धराली में मौके पर तैनात बचाव दलों द्वारा राहत और बचाव कार्य मंगलवार से ही प्रारंभ कर दिए गए थे। प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने और लापता लोगों की खोजबीन के लिए हर संभव प्रयास जारी हैं।

राज्य सरकार की प्राथमिकता प्रभावित लोगों की जानमाल की रक्षा, राहत वितरण और सामान्य स्थिति बहाल करना है। सचिव ने कहा कि हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और समय-समय पर आवश्यक निर्णय लिए जा रहे हैं।

देवभूमि खबर

Related articles