निदेशक समाज कल्याण संजय कुमार का रायवाला नशा मुक्ति केंद्र निरीक्षण, ‘नशा मुक्त उत्तराखंड’ पर जोर

देहरादून । समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजय कुमार ने मंगलवार को रायवाला स्थित राजकीय नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण कर उपचार एवं पुनर्वास सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि “नशा मुक्त उत्तराखंड” के लक्ष्य को साकार करने के लिए केंद्र में उपचार, परामर्श और पुनर्वास सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
निरीक्षण के दौरान निदेशक ने केंद्र में उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाओं, परामर्श व्यवस्था, पुनर्वास सेवाओं, साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था तथा अभिलेखों के रखरखाव का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में भर्ती लाभार्थियों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, उपचार और पुनर्वास से जुड़े अनुभव भी जाने।
संजय कुमार ने कहा कि नशे की समस्या केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। इसलिए नशा मुक्ति केंद्रों को केवल उपचार तक सीमित न रखकर प्रभावी परामर्श और पुनर्वास का भी सशक्त केंद्र बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को नशा मुक्ति के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, पुनर्वास सेवाओं को मजबूत करने और केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छता, अनुशासन और निर्धारित मानकों के अनुरूप सेवाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त निदेशक समाज कल्याण जी.आर. नौटियाल, उपनिदेशक वासुदेव आर्य, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल तथा राजकीय नशा मुक्ति केंद्र रायवाला की प्रभारी डॉ. वैशाली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
समाज कल्याण विभाग ने दोहराया कि राज्य में उपचार, परामर्श और पुनर्वास सेवाओं को और सशक्त बनाते हुए “नशा मुक्त उत्तराखंड” के लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

