बाजीरोट बूथ पर SIR सुनवाई का जिलाधिकारी ने लिया जायजा, विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

बागेश्वर। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने शनिवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत विधानसभा कपकोट के दूरस्थ मतदेय स्थल बाजीरोट बूथ संख्या 154 पर दावे एवं आपत्तियों से संबंधित नोटिसों की सुनवाई प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
बाजीरोट बूथ पर कुल 493 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से 212 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी नोटिसों पर सुनवाई की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। उन्होंने मौके पर राजनीतिक दलों के बीएलए से सुनवाई प्रक्रिया के संबंध में फीडबैक भी लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजकीय इंटर कॉलेज बाजीरोट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय के कक्षा-कक्षों, भोजन कक्ष एवं शौचालयों की स्थिति का जायजा लेते हुए विद्यालय की आवश्यकताओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विद्यालय में रनिंग ट्रैक, वॉलीबॉल एवं बास्केटबॉल कोर्ट के निर्माण के लिए भी प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
उन्होंने विद्यालय के पीछे क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार का निर्माण कराने तथा पेयजल समस्या के समाधान के लिए विद्यालय को जल जीवन मिशन से जोड़ने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस दौरान उप जिलाधिकारी अनिल चनियाल, एईआरओ भुवन चंद, बीएलओ हेमा, प्रभारी प्रधानाचार्य मुकेश सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के बीएलए मौजूद रहे।


