जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी की अध्यक्षता में मासिक स्टाफ बैठक सम्पन्न, अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश
पिथौरागढ़। जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मासिक स्टाफ बैठक आयोजित हुई, जिसमें राजस्व, परिवहन, आबकारी, पूर्ति सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
बैठक में तहसील स्तर पर लंबित वादों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिये तथा राजस्व वसूली में 50 प्रतिशत तक इजाफा करने के लिए ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। आबकारी एवं पुलिस विभाग को अवैध शराब पर रोक लगाने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिये।
आपदा प्रबंधन के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को आपसी सामंजस्य बनाकर कार्य करने, सही सूचना का शीघ्र आदान-प्रदान करने, दुर्गम क्षेत्रों में आईटीबीपी, एसएसबी, बीआरओ व आर्मी के साथ समन्वय स्थापित करने तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े उपकरणों की नियमित जांच और रखरखाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कानून व्यवस्था, राजस्व वसूली और वाद निस्तारण की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को पुराने वादों का त्वरित निस्तारण करने, बड़े बकायेदारों से सख्ती से वसूली करने और पेंशन, ऑडिट आपत्तियाँ, सूचना अधिकार, चरित्र सत्यापन, मुख्यमंत्री कार्यालय, राजस्व परिषद व शासन न्यायालय से प्राप्त संदर्भों पर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिये।
सीएम हेल्पलाइन एवं सेवा अधिकार अधिनियम से संबंधित मामलों में निर्धारित समयसीमा का पालन करने को कहा, ताकि आम नागरिकों को सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके। सभी उप जिलाधिकारियों को प्रत्येक माह अपने क्षेत्र में सम्पन्न कार्यों का विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिये गये।
बैठक में एडीएम योगेन्द्र सिंह, एसडीएम सदर मनजीत सिंह, एसडीएम धारचूला जितेंद्र वर्मा, एसडीएम डीडीहाट खुशबू पाण्डेय, तहसीलदार पिथौरागढ़ विजय गोस्वामी समेत अन्य तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

