जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस ने चेकिंग के दौरान 10.29 ग्राम स्मैक (चिट्टा पाउडर) के साथ दो युवकों को किया गिरफ्तार
रुद्रप्रयाग। पुलिस ने नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए चेकिंग के दौरान दो युवकों को 10.29 ग्राम स्मैक (चिट्टा पाउडर) के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार पुरसाड़ी (चमोली) भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
एसपी रुद्रप्रयाग अक्षय प्रहलाद कोंडे के निर्देशानुसार जनपद को “ड्रग्स फ्री देवभूमि” बनाने के उद्देश्य से पुलिस लगातार नशे के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है। एक ओर जहां पुलिस आम जनमानस को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर रही है, वहीं दूसरी ओर नशे के कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई भी की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 20 फरवरी 2025 की रात कोतवाली रुद्रप्रयाग प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें पुलिस टीम ने दो युवकों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से कुल 10.29 ग्राम स्मैक (चिट्टा पाउडर) बरामद की गई, जिसमें से एक के पास से 5.18 ग्राम और दूसरे के पास से 5.11 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। यह चिट्टा नशे का अपग्रेडेड वर्जन है, जो तेजी से युवाओं को अपनी चपेट में ले रहा है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ कोतवाली रुद्रप्रयाग में मु0अ0सं0 15/2025, धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है और मामले की गहन जांच जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गौरव काण्डपाल पुत्र श्री दयाधर काण्डपाल, निवासी सेक्टर 41, मकान नंबर 117, हाल निवासी मकान नंबर 152, सेक्टर 122, बहलोलपुर, थाना बलोगी, मोहाली, चंडीगढ़ और करनवीर सिंह पुत्र श्री चरनजीत सिंह, निवासी मकान नंबर 282/2, सेक्टर 41, शिवालिक पब्लिक स्कूल के पीछे, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। दोनों को मा0 न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार पुरसाड़ी (जिला चमोली) भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक मनोज नेगी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रप्रयाग, अपर उपनिरीक्षक यशपाल सिंह, चौकी प्रभारी जवाड़ी, कोतवाली रुद्रप्रयाग, मुख्य आरक्षी भूपाल सिंह, चौकी जवाड़ी, कोतवाली रुद्रप्रयाग, आरक्षी विकेश कुमार, चौकी जवाड़ी, कोतवाली रुद्रप्रयाग और आरक्षी कुलदीप सिंह, कोतवाली रुद्रप्रयाग शामिल रहे।

