गड्ढा मुक्त सड़क अभियान में गुणवत्ता पर डीएम आशीष भटगांई सख्त, पिथौरागढ़-मुनाकोट मार्ग का किया औचक निरीक्षण

पिथौरागढ़। मानसून के बाद गड्ढा मुक्त सड़क अभियान के तहत लोक निर्माण विभाग द्वारा किए जा रहे सड़क मरम्मत एवं गड्ढा भरान कार्यों का जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर सड़क की स्थिति, चल रहे मरम्मत कार्य और गड्ढा भरान में इस्तेमाल की जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पिथौरागढ़-मुनाकोट सड़क मार्ग पर गड्ढा भरान कार्य में प्रयुक्त सामग्री अपेक्षित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क मरम्मत कार्यों में निर्धारित तकनीकी मानकों और गुणवत्ता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क मरम्मत में प्रयुक्त होने वाली निर्माण सामग्री प्लांट से निर्धारित मानकों एवं प्रक्रिया के अनुसार तैयार कर ही मौके पर लाई जाए, ताकि सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित होने के साथ सड़क मरम्मत कार्य टिकाऊ और प्रभावी हो। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की नियमित गुणवत्ता जांच और मौके पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसून के बाद सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए चलाए जा रहे गड्ढा मुक्त सड़क अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरे हों।
जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने कहा कि गड्ढा मुक्त सड़क अभियान के कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। कार्यों में लापरवाही अथवा निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


