दो साल से फरार ₹5 हजार का इनामी गिरफ्तार,लकड़ी के कारोबार में छह लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप

हरिद्वार। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हरिद्वार पुलिस को सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर पिरान कलियर थाना पुलिस ने लकड़ी की खरीद-बिक्री के सौदे में छह लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में दो साल से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर 2024 को पिरान कलियर निवासी अफजाल ने लकड़ी बेचने के नाम पर धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर थाना पिरान कलियर में मुकदमा अपराध संख्या 410/2024 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार की ओर से उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस टीम ने लगातार तलाश और कार्रवाई करते हुए आरोपी अमरजीत सिंह पुत्र स्वर्गीय विजेंद्र सिंह, निवासी जीयनचक, थाना सैदपुर, जनपद गाजीपुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में भी कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध थाना जमनियां, गाजीपुर में वर्ष 2024 में वृक्ष अधिनियम की धाराओं 4/10 के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा थाना सैदपुर में वर्ष 2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) तथा थाना मोहम्मदाबाद में धारा 303(2) के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पिरान कलियर में दर्ज धोखाधड़ी का मुकदमा भी उसके आपराधिक इतिहास में शामिल है।
आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली टीम में कोतवाली कलियर के प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार सैनी, अपर उपनिरीक्षक रामअवतार, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, हेड कांस्टेबल जमशेद अली, सीआईयू रुड़की के कांस्टेबल महिपाल तथा होमगार्ड अंकित शामिल रहे।


