डीएम सविन बंसल का कोरोनेशन अस्पताल निरीक्षण; पैथोलॉजी समय बढ़ा, चंदन लैब की 3 माह की रिपोर्ट तलब, 10 लाख मरम्मत को स्वीकृत

Spread the love

देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में जिलाधिकारी सविन बंसल ने आज कोरोनेशन जिला चिकित्सालय का व्यापक निरीक्षण किया। डीएम ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों और अनुभागों का बारीकी से जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश मौके पर ही जारी किए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माणाधीन ब्लड बैंक का अवलोकन करते हुए कार्यदायी संस्था को 15 मार्च 2026 तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही ब्लड बैंक के कार्यों का थर्ड पार्टी निरीक्षण कराने को कहा। जिला प्रशासन द्वारा ब्लड बैंक हेतु चिकित्सक, स्टाफ और उपकरणों की व्यवस्था जिले स्तर से ही सुनिश्चित कर दी गई है।

डीएम ने सेन्ट्रल पैथोलॉजी में अत्यधिक भीड़ को देखते हुए सैंपल लेने का समय तत्काल प्रभाव से एक घंटा बढ़ाकर 11 बजे के स्थान पर 12 बजे तक करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आज उपस्थित सभी मरीजों के सैंपल लिए जाएं। चंदन लैब के निरीक्षण के दौरान 24×7 सेवाओं के अनुबंध का पालन न होने पर नाराजगी जताई गई। डीएम ने बीते तीन माह में दिन और रात्रि में लिए गए सैंपलों की विस्तृत रिपोर्ट तलब करते हुए उप जिलाधिकारी सदर व मुख्य चिकित्साधिकारी को संयुक्त आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। यदि अनुबंध की शर्तों का पालन नहीं पाया गया तो आधा भुगतान रोकने के निर्देश भी दिए गए।

अस्पताल में किचन, गायनी ओटी, वेयरहाउस और ओपीडी की मरम्मत हेतु 10 लाख रुपये की स्वीकृति मौके पर ही प्रदान की गई। गायनी चिकित्सक उपलब्ध न होने पर मरीजों को रेफर किए जाने की शिकायत पर भी एसडीएम व सीएमओ से संयुक्त रिपोर्ट मांगी गई।
डीएम ने ईमरजेंसी और सामान्य वार्ड का निरीक्षण कर मरीजों से संवाद किया तथा सफाई और भोजन की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कोताही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। बाल चिकित्सा वार्ड में बच्चों के लिए लाइब्रेरी के साथ ड्राइंग और कलर सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए तथा अभिभावकों से बच्चों को मोबाइल फोन से दूर रखने की अपील की।

निरीक्षण के दौरान एसएचजीएस हिलांस कैंटीन में प्रतिदिन लगभग 500 उपभोक्ताओं को भोजन उपलब्ध कराए जाने की जानकारी ली गई। ऑटोमेटेड मैकेनिकल पार्किंग व्यवस्था 100 प्रतिशत क्षमता से संचालित पाई गई, जिससे मरीजों और तीमारदारों को व्यापक राहत मिल रही है।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर/प्रभारी अधिकारी स्वास्थ्य हरिगिरि, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक मन्नू जैन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

मातृभाषा केवल संप्रेषण का माध्यम नहीं है; यह हमारी सांस्कृतिक चेतना और बौद्धिक विकास की आधारशिला है, इसका संरक्षण हमारी पहचान का संरक्षण है” — कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल

Spread the love दून विश्वविद्यालय के भाषा विद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस का आयोजन अत्यंत उत्साह, रचनात्मकता और सांस्कृतिक गरिमा के साथ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य भाषाई विविधता के महत्व को रेखांकित करना, मातृभाषाओं के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यार्थियों को अपनी भाषाई और सांस्कृतिक जड़ों […]