डीएम सविन बंसल का सख्त रुख: 30 अक्टूबर तक पूरा हो फर्जी राशन व आयुष्मान कार्ड का सत्यापन, नहीं तो जब्त होगा वेतन

डीएम सविन बंसल का सख्त रुख: 30 अक्टूबर तक पूरा हो फर्जी राशन व आयुष्मान कार्ड का सत्यापन, नहीं तो जब्त होगा वेतन
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी सविन बंसल ने फर्जी राशन और आयुष्मान कार्डों पर सख्त रुख अपनाया है। डीएम ने जिले में चल रहे सत्यापन अभियान की समीक्षा बैठक लेते हुए कहा कि किसी भी दशा में पात्र लाभार्थियों के लिए धन, राशन या अन्य लाभ को विचलित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि 30 अक्टूबर तक कम से कम 60 प्रतिशत सत्यापन कार्य पूरा किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों का वेतन जब्त करते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी।

डीएम बंसल ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सत्यापन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि अब तक जिले में 3600 फर्जी राशन कार्ड और 10,000 नकली आयुष्मान कार्ड निरस्त किए जा चुके हैं। डीएम ने कहा कि राशन और आयुष्मान योजना का हक सिर्फ पात्र परिवारों को मिलेगा, अपात्र लोगों को हटाया जाएगा।

सत्यापन में लापरवाही बरतने पर डीएम ने कई पूर्ति निरीक्षकों, एआरओ और एडीओ पंचायत अधिकारियों का वेतन जब्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जवाबदेही तय की जाएगी और जो अधिकारी निर्धारित समय तक कार्य पूरा नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में यह जानकारी दी गई कि जिले में कुल 3,83,352 राशन कार्ड धारक हैं, जिनमें से 1,56,815 कार्डों का सत्यापन पूरा हो चुका है। वर्तमान में लगभग 40.91 प्रतिशत सत्यापन कार्य संपन्न हुआ है। विभिन्न ब्लॉकों में सत्यापन की गति धीमी पाई गई है — क्लेमेंटाउन में 25.40%, सहसपुर में 38.07%, विकासनगर में 27.21%, ऋषिकेश में 23.52%, डोईवाला में 20.99%, कालसी में 38.55% और त्यूनी में मात्र 8.62%।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर मृतक लाभार्थियों, अपात्र व्यक्तियों और फर्जी कार्डधारकों की पहचान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सत्यापन कार्य पारदर्शी और त्रुटिरहित होना चाहिए ताकि वास्तविक लाभार्थियों तक ही योजनाओं का लाभ पहुंचे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिले में 1,26,960 आयुष्मान कार्ड धारक हैं, जिनका सत्यापन कार्य प्रगति पर है।

बैठक में एसडीएम अपूर्वा सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.के. शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles