विकास योजनाओं और सीएम घोषणाओं में देरी पर डीएम सख्त, अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूरे करने के निर्देश

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरे करने होंगे।
बैठक में सीवर लाइन, पेयजल लाइन एवं विद्युत लाइनों के अंडरग्राउंड कार्य कटिंग अनुमति के अभाव में प्रभावित होने की जानकारी सामने आई। इस पर जिलाधिकारी ने सभी लंबित मामलों की विस्तृत सूची तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि समन्वय स्थापित कर कार्यों को गति दी जा सके।
जिलाधिकारी ने विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी को विभिन्न विभागों की परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैदानी स्तर पर सत्यापन से कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित होगी।
मोहब्बेवाला क्षेत्र में ट्यूबवेल, ओवरहेड टैंक और राइजिंग मेन बिछाने के कार्यों में देरी पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित जल संस्थान अधिकारी को कार्यों में सुधार नहीं होने पर वेतन रोकने की चेतावनी दी। वहीं दून एन्क्लेव एक्सटेंशन क्षेत्र में प्रस्तावित नलकूप निर्माण के लिए 15 दिनों के भीतर भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए गए।
रेन वाटर हार्वेस्टिंग एवं रिचार्ज शॉफ्ट निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि कुल 51 कार्यों में से 22 पूर्ण हो चुके हैं। इस पर जिलाधिकारी ने शेष कार्यों की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए लघु सिंचाई विभाग को सभी कार्य 30 जून तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि निरीक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुचित स्थल चयन पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान लगभग 218 करोड़ रुपये लागत की लंबित परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सड़क, पुल और अन्य आधारभूत ढांचा परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से भंडारी बाग ओवरब्रिज निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने परियोजना को अगस्त माह से पूर्व हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि जनता को यातायात सुविधा का लाभ मिल सके।
डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी एस.के. गिरि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

