दून पुलिस को मिली एक और बड़ी सफलता, अवैध रूप से भारत में रह रही 02 बांग्लादेशी महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार

दून पुलिस को मिली एक और बड़ी सफलता, अवैध रूप से भारत में रह रही 02 बांग्लादेशी महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून।मुख्यमंत्री के निर्देशों पर पूरे प्रदेश में संचालित ऑपरेशन कालनेमि के अंतर्गत दून पुलिस द्वारा फर्जी पहचान और अवैध रूप से रह रहे व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 नवंबर 2025 को कोतवाली पटेलनगर पुलिस को क्षेत्र में अवैध रूप से रह रही दो बांग्लादेशी महिलाओं की सूचना मिली, जिस पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देहराखास क्षेत्र से भूमि शर्मा नाम से रह रही एक महिला को पकड़ा।

पूछताछ में उसने अपना वास्तविक नाम बबली खातून पत्नी मो0 मुनजु निवासी जिला गायबन्दा, बांग्लादेश बताया। उसके कब्जे से भूमि शर्मा के नाम से आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, वोटर आईडी और अन्य फर्जी दस्तावेजों के साथ उसके वास्तविक नाम बबली बेगम के नाम से बांग्लादेशी आईडी भी बरामद हुई।

जांच में यह तथ्य सामने आया कि वह कोविड काल में अवैध रूप से बॉर्डर पार कर भारत आई थी और 2021 से देहरादून में रह रही थी। वर्ष 2022 में उसने नाम और पहचान बदलकर देहरादून के एक युवक से विवाह भी कर लिया था तथा परिचितों की सहायता से फर्जी भारतीय दस्तावेज बनवा लिए थे। पुलिस द्वारा फर्जी दस्तावेज बनाने में सहयोग करने वालों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उक्त महिला के विरुद्ध कोतवाली पटेलनगर में धारा 420, 467, 468, 471 भादवि, 3 पासपोर्ट अधिनियम तथा 14 विदेशी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।

इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कारगी रोड स्थित कालिंदा विहार फेज-2 क्षेत्र से एक अन्य संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में अपना नाम बॉबी खातून पुत्री मो0 ब्लूमिया पत्नी मो0 रूबेल निवासी जिला बोगुरा, बांग्लादेश बताया। उसके पास से बांग्लादेशी पहचान पत्र की छायाप्रति प्राप्त हुई। महिला ने बताया कि वह वर्ष 2023 में चोरी-छिपे भारत आई थी और देहरादून में मजदूरी कर जीवन यापन कर रही थी। पुलिस द्वारा उसे हिरासत में लेकर भारत सरकार के निर्देशों के अनुसार बांग्लादेश डिपोर्ट करने की कार्रवाई की जा रही है।

कोतवाली पटेलनगर पुलिस द्वारा दोनों मामलों में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और ऑपरेशन कालनेमि के तहत ऐसे मामलों पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

देवभूमि खबर

Related articles