सोहन सिंह रांगड बने बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी
देहरादून। उत्तराखण्ड शासन के आदेशानुसार उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग, जनपद चमोली श्री सोहन सिंह रांगड (PCS) को श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) का मुख्य कार्याधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति को प्रशासनिक दक्षता के साथ धार्मिक व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
सोहन सिंह रांगड ने अपने कार्यकाल के दौरान कर्णप्रयाग में प्रभावी प्रशासन, जनहितकारी निर्णयों और बेहतर प्रबंधन के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाई है। आपदा प्रबंधन, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान तथा विकास कार्यों के सफल क्रियान्वयन में उनकी भूमिका सराहनीय रही है।
चारधाम यात्रा के दृष्टिगत यह नियुक्ति विशेष महत्व रखती है। अब उनके नेतृत्व में मंदिर समिति द्वारा यात्रा व्यवस्थाओं को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालु-हितैषी बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आमजन ने उनकी नई जिम्मेदारी पर शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में बद्री-केदार धाम की व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।

