दून विश्वविद्यालय ने जारी की प्रथम मेरिट लिस्ट, 17 से 19 जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया
देहरादून।दून विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा का परिणाम 5 जुलाई को घोषित कर दिया था। अब इस परीक्षा के आधार पर विश्वविद्यालय ने विभिन्न स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रमों की प्रथम मेरिट लिस्ट अपनी आधिकारिक वेबसाइट (www.doonuniversity.ac.in) पर जारी कर दी है।
मेरिट लिस्ट में उन अभ्यर्थियों को स्थान मिला है जिन्होंने प्रवेश परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन किया है। जिन अभ्यर्थियों का नाम इस सूची में है, वे 17 जुलाई से 19 जुलाई 2025 के बीच संबंधित विभाग में दस्तावेज सत्यापन और शुल्क भुगतान कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन भुगतान प्रणाली (UPI, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड) से ही संचालित होगी। किसी भी परिस्थिति में नकद भुगतान स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रवेश प्रक्रिया के बाद यदि किसी पाठ्यक्रम में सीटें खाली रह जाती हैं तो उनके लिए दूसरी मेरिट लिस्ट या वेटिंग लिस्ट जारी की जाएगी। ऐसे में जिन अभ्यर्थियों का नाम प्रथम सूची में नहीं है, वे विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर लगातार नजर बनाए रखें।
कुलपति प्रोफेसर सुरेखा डंगवाल ने बताया कि विश्वविद्यालय ने सफलता पूर्वक प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया और अब विषयवार मेरिट लिस्ट तैयार कर ली गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वेबसाइट पर पूर्व में प्रकाशित प्रवेश परीक्षा परिणाम को मेरिट लिस्ट न समझें, प्रवेश केवल मेरिट लिस्ट के आधार पर ही होगा।
प्रो. डंगवाल ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की कि मेरिट लिस्ट में नाम सुनिश्चित करने के बाद ही विश्वविद्यालय आएं। विश्वविद्यालय परिसर में हर विषय के लिए अलग कार्यालय तय किया गया है, जहां प्रवेश प्रक्रिया संपन्न होगी। इसके अलावा मुख्य प्रवेश द्वार पर एक सहायता डेस्क भी स्थापित की गई है, जहां से यह जानकारी ली जा सकेगी कि किस विभाग में जाना है और प्रवेश की प्रक्रिया क्या है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए भरोसा दिलाया है कि पूरी प्रवेश प्रक्रिया पारदर्शिता और सुव्यवस्था के साथ सम्पन्न कराई जाएगी।

