देहरादून में मतदाता सूची का ड्राफ्ट रोल जारी, 13 अगस्त तक दर्ज कराएं दावे-आपत्तियां

देहरादून में मतदाता सूची का ड्राफ्ट रोल जारी, 13 अगस्त तक दर्ज कराएं दावे-आपत्तियां
Spread the love

देहरादून। जनपद देहरादून में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत तैयार ड्राफ्ट रोल (प्रथम प्रारूप) प्रकाशित कर दिया गया है। अब मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने या आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक चलेगी। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी राजनीतिक दलों और पात्र नागरिकों से मतदाता सूची का अवलोकन कर त्रुटियों की जानकारी समय रहते उपलब्ध कराने की अपील की है।

बुधवार को आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को ड्राफ्ट रोल, सर्विस वोटर सूची, एएसडी वोटर सूची तथा मतदान केंद्रों की जानकारी हार्ड कॉपी और पेन ड्राइव के माध्यम से उपलब्ध कराई। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना निर्वाचन आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

ड्राफ्ट रोल के अनुसार जनपद में कुल 11,90,805 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 9,369 सर्विस मतदाता तथा 10,130 दिव्यांग मतदाता शामिल हैं। वहीं, मतदान केंद्रों की संख्या 1,882 से बढ़कर 2,045 हो गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों के लिए फोटोयुक्त मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई है। मतदाता अपने नाम से संबंधित किसी भी प्रकार का संशोधन, नाम जोड़ने या हटाने के लिए संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी अथवा बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। सभी दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से बूथ स्तर पर अपने बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) शीघ्र नियुक्त करने का भी आग्रह किया। उन्होंने बताया कि भाजपा के 35, कांग्रेस के 103 और सीपीआईएम के 1,394 मतदान केंद्रों पर अभी बीएलए-2 की नियुक्ति शेष है, जबकि बसपा और आम आदमी पार्टी ने अब तक किसी भी मतदान केंद्र पर बीएलए-2 नियुक्त नहीं किए हैं।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र प्रसाद देवली सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles