कांवड़ मेला को लेकर सतर्क टिहरी पुलिस ,जल पुलिस व आपदा राहत दल ने 17 शिव भक्तों का सकुशल किया रेस्क्यू

कांवड़ मेला को लेकर सतर्क टिहरी पुलिस ,जल पुलिस व आपदा राहत दल ने 17 शिव भक्तों का सकुशल किया रेस्क्यू
Spread the love

टिहरी।कांवड़ मेला 2025 के दौरान टिहरी पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री आयुष अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस बल, जल पुलिस, आपदा राहत दल और SPO कर्मियों द्वारा लगातार घाट क्षेत्रों में सतर्क निगरानी की जा रही है।

दिनांक 11 जुलाई 2025 से 19 जुलाई 2025 के मध्य, मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर गंगा स्नान करने पहुंचे अलग-अलग राज्यों से आए कुल 17 शिव भक्तों को तेज बहाव के कारण गंगा नदी की धाराओं में बहने से बचाया गया। सभी श्रद्धालु दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से पवित्र गंगा स्नान के उद्देश्य से उत्तराखंड पहुंचे थे।

तेज बहाव और असंतुलित स्थिति के कारण ये श्रद्धालु नदी की तेज लहरों में फंस गए थे। जल पुलिस, आपदा राहत दल एवं SPO कर्मियों द्वारा तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया गया और सभी 17 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। यह कार्रवाई न केवल पुलिस बल की तत्परता को दर्शाती है, बल्कि उनकी संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को भी उजागर करती है।

रेस्क्यू किए गए शिव भक्तों में अनिल कुमार, तरुण कुमार, जितेंद्र कुमार, राकेश कुमार, अंकित, भारत कुमार, रमेश कुमार, राहुल, सोनू, मोहित कुमार, साहिल, योगेश कुमार, कुलदीप, राहुल सिंह, सचिन कुमार, ओंकार सिंह और गौरव कुमार शामिल हैं। सभी को प्राथमिक जांच के उपरांत सुरक्षित उनके गंतव्यों की ओर भेजा गया।

टिहरी पुलिस की इस सराहनीय कार्यवाही की स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं द्वारा भूरी-भूरी प्रशंसा की जा रही है। कांवड़ मेला जैसे बड़े आयोजन में इस तरह की त्वरित राहत कार्यवाही, पुलिस बल की सक्रियता और जनहित के प्रति उनकी सजगता का प्रतीक है।

देवभूमि खबर

Related articles