कांवड़ यात्रा के द्वितीय चरण को सकुशल सम्पन्न कराने को लेकर SSP टिहरी आयुष अग्रवाल ने स्वयं संभाली कमान
टिहरी।कांवड़ यात्रा 2025 का द्वितीय चरण आज से आरम्भ हो चुका है। इस चरण में शिव भक्तों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि की संभावना को देखते हुए टिहरी जिले की पुलिस प्रशासन ने तैयारियों को और अधिक मजबूत कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री आयुष अग्रवाल ने स्वयं ग्राउंड पर पहुंचकर मोर्चा संभालते हुए यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
SSP टिहरी ने नीरगड्डू से लेकर तपोवन तक पूरे कांवड़ मार्ग का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा, ट्रैफिक और आपातकालीन प्रबंधन व्यवस्थाओं का गहराई से जायजा लिया। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस बल और अन्य सुरक्षाकर्मियों से संवाद कर उन्हें कंधे से कंधा मिलाकर बेहतर सेवा देने के लिए प्रेरित किया।
जनपद टिहरी गढ़वाल चारधाम यात्रा और कांवड़ यात्रा का महत्वपूर्ण रूट होने के कारण इस क्षेत्र में भारी भीड़ उमड़ती है। इसी को ध्यान में रखते हुए SSP टिहरी स्वयं फील्ड में उतरकर सभी आवश्यक तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर यातायात प्रबंधन तक हर पहलू पर विशेष ध्यान देते हुए, उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की प्राथमिकता हर हाल में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का यह मैदानी निरीक्षण न केवल कर्मियों में उत्साह का संचार करता है, बल्कि जनता के बीच भी विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करता है। कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचाव हेतु यह सतर्कता और सक्रिय नेतृत्व प्रशंसनीय है।

