HTML tutorial
HTML tutorial

दून विश्वविद्यालय में सौर ऊर्जा और हाइड्रोजन उत्पादन तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण,32 विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों ने लिया हिस्सा

दून विश्वविद्यालय में सौर ऊर्जा और हाइड्रोजन उत्पादन तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण,32 विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों ने लिया हिस्सा
Spread the love

देहरादून। दून विश्वविद्यालय में भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद (एनसीएसटीसी) के सहयोग से सौर सेल और हाइड्रोजन उत्पादन तकनीकों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को नवीकरणीय ऊर्जा की आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के साथ उन्हें तकनीकी कौशल और व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था।

विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मेक्सिको के नेशनल ऑटोनॉमस यूनिवर्सिटी (यूएनएएम) के रसायन विज्ञान संस्थान के प्रोफेसर रोनन ले लागडेक उपस्थित रहे।

कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने कहा कि दून विश्वविद्यालय एनसीएसटीसी के सहयोग से विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि विज्ञान की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने, वैज्ञानिक सोच विकसित करने और नई तकनीकों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रो. रोनन ले लागडेक ने कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को सौर सेल तथा हाइड्रोजन उत्पादन जैसी उभरती नवीकरणीय ऊर्जा तकनीकों का प्रत्यक्ष अनुभव देना है। इसके माध्यम से वैज्ञानिक जागरूकता, कौशल विकास और विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग एवं गणित (एसटीईएम) शिक्षा को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक तकनीकी प्रयोगों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में कुल 32 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थी तथा शोधार्थी शामिल रहे। प्रतिभागियों में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय, विभिन्न राजकीय महाविद्यालयों, डीबीएस पीजी कॉलेज और ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय के विद्यार्थी शामिल थे।

तकनीकी सत्र में सीएसआईआर-भारतीय पेट्रोलियम संस्थान, देहरादून के प्रिंसिपल साइंटिस्ट एवं सरफेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी क्षेत्र के विशेषज्ञ डॉ. ओम प्रकाश खत्री ने व्याख्यान दिया। इसके बाद सौर सेल और हाइड्रोजन उत्पादन तकनीकों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को इन तकनीकों की कार्यप्रणाली और उनके वास्तविक उपयोगों की जानकारी दी गई।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ‘क्लासरूम टू कम्युनिटी’ परियोजना के अंतर्गत आयोजित किया गया। परियोजना का उद्देश्य अनुभव आधारित शिक्षा के माध्यम से एसटीईएम शिक्षा को मजबूत करना, नवीकरणीय ऊर्जा एवं जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता बढ़ाना, विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करना तथा शैक्षणिक संस्थानों एवं उद्योगों के बीच सहयोग विकसित करना है।

परियोजना के तीन प्रमुख घटक संवाद, संयोजन और अभ्यास निर्धारित किए गए हैं। इनके माध्यम से ज्ञान का आदान-प्रदान, संस्थागत सहयोग और व्यावहारिक कौशल विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है।

कार्यक्रम का आयोजन डॉ. हिमानी शर्मा और डॉ. चारु द्विवेदी के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर डॉ. खुशबू सिंह सहित विश्वविद्यालय के अन्य संकाय सदस्य एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles