हरेला पर्व पर शिक्षा विभाग ने रोपे 1.5 लाख से अधिक पौधे, मंत्री डॉ. रावत ने दिया 5 लाख वृक्षारोपण का लक्ष्य

हरेला पर्व पर शिक्षा विभाग ने रोपे 1.5 लाख से अधिक पौधे, मंत्री डॉ. रावत ने दिया 5 लाख वृक्षारोपण का लक्ष्य
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड के पारंपरिक लोकपर्व हरेला के अवसर पर शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेशभर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत प्रदेश के राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने मिलकर अब तक 1.5 लाख से अधिक पौधे रोपित किए।

इस अभियान की शुरुआत शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के नेतृत्व व प्रेरणा से की गई, जिसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देना है। डॉ. रावत ने बरसात के मौसम में शिक्षा विभाग को कुल 5 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य सौंपा है। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि इस कार्य में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी हो।

माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल सती ने जानकारी दी कि आज हरेला पर्व के अवसर पर राज्य के सभी जिलों में विद्यालयों में उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया गया। माध्यमिक और प्राथमिक स्तर पर कुल मिलाकर 1.5 लाख से अधिक पौधे लगाए गए, जिनमें फलदार वृक्ष जैसे आड़ू, खुमानी, नाशपाती, चुल्लू, अखरोट, आम, अमरूद के साथ स्थानीय प्रजातियों में बांज, बुरांश आदि शामिल हैं।

डॉ. सती ने बताया कि जिला और ब्लॉक स्तर पर अधिकारियों, शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कार्मिकों को पौधरोपण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश पूर्व में ही जारी कर दिए गए थे। विभागीय समन्वय और सामूहिक प्रयासों से यह सुनिश्चित किया गया कि हर विद्यालय परिसर और उसके आस-पास अधिक से अधिक पौधे रोपे जाएं।

शिक्षा विभाग को विश्वास है कि मंत्री डॉ. धन सिंह रावत द्वारा निर्धारित किया गया 5 लाख पौधों का लक्ष्य समय से पहले ही पूर्ण कर लिया जाएगा। यह अभियान न केवल पर्यावरण के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ा रहा है, बल्कि उत्तराखंड को हरित और समृद्ध बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक प्रयास भी साबित हो रहा है।

देवभूमि खबर

Related articles