HTML tutorial
HTML tutorial

विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए 2.50 करोड़ रुपये स्वीकृत, 10 हजार से अधिक विद्यार्थी दिखाएंगे दमखम

विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए 2.50 करोड़ रुपये स्वीकृत, 10 हजार से अधिक विद्यार्थी दिखाएंगे दमखम
Spread the love

देहरादून। उत्तराखण्ड में विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए राज्य सरकार ने 2.50 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इस धनराशि से प्रतियोगिताओं के आयोजन, खिलाड़ियों के भोजन, यात्रा व्यय और खेल सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही, पिछले वित्तीय वर्ष में राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के खर्च के भुगतान के लिए भी बजट का प्रावधान किया गया है।

विद्यालयी शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन और खिलाड़ियों की सुविधाओं के लिए जनपदवार कुल 1 करोड़ 35 लाख 60 हजार रुपये आवंटित किए गए हैं। वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 में राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों पर हुए व्यय के बिलों के भुगतान के लिए 1 करोड़ 11 लाख रुपये की व्यवस्था की गई है।

जनपदवार आवंटन के तहत अल्मोड़ा को 10 लाख 42 हजार 500 रुपये, बागेश्वर को 7 लाख 79 हजार 400 रुपये, चमोली को 10 लाख 65 हजार 600 रुपये, चम्पावत को 9 लाख 28 हजार 800 रुपये और देहरादून को 16 लाख 88 हजार रुपये दिए गए हैं। हरिद्वार को 7 लाख 8 हजार 200 रुपये, नैनीताल को 13 लाख 26 हजार रुपये, पौड़ी को 12 लाख 74 हजार 300 रुपये, पिथौरागढ़ को 8 लाख 32 हजार 100 रुपये और रुद्रप्रयाग को 5 लाख 20 हजार 600 रुपये आवंटित किए गए हैं।

इसी प्रकार टिहरी को 7 लाख 63 हजार 500 रुपये, ऊधम सिंह नगर को 19 लाख 33 हजार रुपये और उत्तरकाशी को 6 लाख 98 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए 30 लाख 60 हजार रुपये, खिलाड़ियों के भोजन के लिए 55 लाख रुपये और प्रतिभागियों के यात्रा व्यय के लिए 50 लाख रुपये की व्यवस्था की गई है। शेष धनराशि खेल प्रतियोगिताओं का वार्षिक कैलेंडर जारी होने के बाद आवंटित की जाएगी।

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं में 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं के प्रतिभाग करने की संभावना है। बजट उपलब्ध होने से खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकेंगी और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के पर्याप्त अवसर प्राप्त होंगे। इससे प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के विद्यार्थियों को विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा निखारने के पर्याप्त अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए 2.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। प्रतियोगिताओं के आयोजन और खिलाड़ियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने में बजट की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles